वरिष्ठ नागरिक संगठन ने राज्य स्थापना दिवस पर ली नमन शपथ, सरकार को दिया सुझाव

हरिद्वार। वरिष्ठ नागरिक सामाजिक संगठन हरिद्वार उत्तराखंड की बैठक में अध्यक्ष चौ चरण सिंह की अध्यक्षता में राज्य स्थापना की रजत जयंती और लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर संगठन अध्यक्ष ने राज्य निर्माण में सहयोग देने वाले आंदोलनकारियों, संगठनों और नेताओं को नमन किया। उन्होंने उपस्थित सदस्यों को “लोकल फॉर वोकल” की भावना को अपनाने और विदेशी वस्तुओं का बहिष्कार करने की शपथ दिलाई। अध्यक्ष ने कहा कि स्थानीय उत्पादों को अपनाकर ही राज्य की अर्थव्यवस्था को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है।

सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर अध्यक्ष ने कहा कि पटेल ने देश की रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर भारत की एकता और अखंडता को सुदृढ़ किया। उनके आदर्शों पर चलकर ही सशक्त और आत्मनिर्भर भारत का निर्माण संभव है। सरदार पटेल के लिए देश की संप्रभुता सर्वोपरि थी, इसलिए यह दिवस राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जाता है।

बैठक में संगठन ने शासन-प्रशासन से निवेदन किया कि चीनी मांझे से हो रही मानव और पक्षी दुर्घटनाओं को देखते हुए इसके आयात पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए। साथ ही व्यापारियों के साथ बैठक कर इस विषय पर ठोस कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।

संगठन ने हरिलोक और ज्वालापुर हाईवे तिराहे पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त की और शासन से अंडरपास निर्माण का सुझाव दिया था। सरकार द्वारा सुझाव स्वीकार कर अंडरपास निर्माण का निर्णय लेने पर संगठन ने सरकार का आभार व्यक्त किया और इसे “देर आए, दुरुस्त आए” की संकल्पना का उदाहरण बताया।

बैठक में बी.पी. गोयल, विद्यासागर गुप्ता, रामसागर सिंह, चौचरण सिंह, संतराम, ए.पी. गौड़, सुंदरलाल, हरदयाल अरोड़ा, एस.एन. बत्रा, लालता प्रसाद, भोपाल सिंह, महेंद्र शर्मा, एस.सी.एस. भास्कर, गुलाब राय, किशोरीलाल कौशिक, द्वारकादास, ताराचंद, बाबूलाल, शिवचरन, हरीनाथ, श्याम सिंह, सीताराम, प्रेम भारद्वाज, पी.सी. धीमान, बदन सिंह, शिवकुमार और शिवबचन सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *