कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व पर हरिद्वार का ट्रैफिक प्लान जारी, भारी वाहनों का प्रवेश रहेगा प्रतिबंधित

हरिद्वार। आगामी 5 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व के अवसर पर हरिद्वार में भारी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने विशेष यातायात योजना तैयार की है। इस दौरान 4 नवंबर की शाम 6 बजे से 5 नवंबर को स्नान पर्व की समाप्ति तक हरिद्वार शहर में सभी भारी वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। भारी वाहनों को नारसन बॉर्डर, मंडावर बॉर्डर, चिड़ियापुर बॉर्डर, सिडकुल, अब्दुल कलाम चौक रूड़की तथा देहरादून से समन्वय कर नेपाली फार्म और रायवाला में रोका जाएगा। यदि कोई भारी वाहन जनपद सीमा में प्रवेश करता है तो उसे चमगादड़ टापू में पार्क कराया जाएगा।

दिल्ली, मेरठ, मुजफ्फरनगर, पंजाब और हरियाणा से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए मुख्य मार्ग नारसन-मंगलौर-कोर कॉलेज-गुरुकुल कांगड़ी-शंकराचार्य चौक-हरिद्वार तय किया गया है। इन वाहनों के लिए अलकनंदा, दीनदयाल, पंतद्वीप और चमगादड़ टापू पार्किंग निर्धारित की गई है। यातायात का अत्यधिक दबाव होने की स्थिति में इन वाहनों को लक्सर-फेरूपुर-जगजीतपुर-एसएम तिराहा-शनि चौक-मात्रसदन पुलिया मार्ग से बैरागी कैम्प पार्किंग की ओर भेजा जाएगा। इसी तरह सहारनपुर मार्ग से आने वाले वाहनों को मंडावर-भगवानपुर-लक्सर होते हुए बैरागी कैम्प पार्किंग में भेजा जाएगा। नजीबाबाद जाने वाले वाहनों को भी वैकल्पिक मार्ग के रूप में लक्सर-बालावाली-बिजनौर-नजीबाबाद होकर भेजा जाएगा।

मुरादाबाद और नजीबाबाद से आने वाले छोटे वाहनों के लिए नजीबाबाद-चिड़ियापुर-श्यामपुर-चंडी चौकी-चंडी चौक मार्ग और पार्किंग के रूप में दीनदयाल, पंतद्वीप तथा चमगादड़ टापू तय किए गए हैं, जबकि बड़े वाहनों को गौरीशंकर और नीलधारा पार्किंग में रुकवाया जाएगा। देहरादून और ऋषिकेश से आने वाले वाहनों के लिए नेपाली फार्म-रायवाला-हरिद्वार मार्ग निर्धारित किया गया है, जिनकी पार्किंग लालजीवाला, पंतद्वीप और चमगादड़ टापू में की जाएगी।

स्नान पर्व के दौरान विक्रम और ऑटो रिक्शा के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। देहरादून और ऋषिकेश की ओर से आने वाले विक्रम/ऑटो को फोरलेन जयराम मोड़ तक ही आने दिया जाएगा, जहां से वे सवारी उतारकर वापस लौटेंगे। पुल जटवाड़ा से शिवमूर्ति तक सभी प्रकार के वाहनों, विक्रम, ऑटो और टैक्सियों का आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।

प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित मार्गों का ही उपयोग करें और यातायात पुलिस के दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व के दौरान हरिद्वार में सुचारु व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *