देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को दून विश्वविद्यालय में राज्य स्थापना की रजत जयंती पर आयोजित प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि प्रवासी उत्तराखंडी देवभूमि की संस्कृति, परंपराओं और गौरव को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा रहे हैं। राज्य सरकार ने उनके सुझावों को विकास की मुख्यधारा में शामिल करने के लिए प्रवासी उत्तराखंड परिषद का गठन किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य “विकसित भारत, विकसित उत्तराखंड” के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है। राज्य ने शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, उद्योग और बुनियादी ढांचे में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने बताया कि सरकार “जीरो टॉलरेंस ऑन करप्शन” की नीति पर कार्य कर रही है और अब तक 200 से अधिक भ्रष्टाचारियों को जेल भेजा गया है।
कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी, विधायक विनोद चमोली, फिल्म अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी, राजस्थान के मुख्य सचिव सुधांश पंत, कपड़ा मंत्रालय के निदेशक पूर्णेश गुरूरानी सहित अनेक प्रवासी उत्तराखंडी उपस्थित रहे। सभी ने राज्य के विकास में योगदान देने का संकल्प लिया।