हरिद्वार। मुख्यमंत्री के निर्देशों पर धर्मनगरी हरिद्वार को स्वच्छ, क्लीन और मॉडल जनपद बनाने के लिए जिला प्रशासन लगातार तीसरे दिन भी सफाई अभियान में जुटा रहा। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने विगत दिवस अधिकारियों की बैठक लेकर सभी शहरी क्षेत्रों, प्रवेश द्वारों से लेकर गांवों तक सफाई कार्य की स्वयं निगरानी के निर्देश दिए थे। जिसके अनुपालन में शुक्रवार को भी शहर से ग्रामीण इलाकों और राष्ट्रीय राजमार्ग तक व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। एनएचएआई रुड़की के अतुल शर्मा ने बताया कि दुधाधारी फ्लाईओवर (ऋषिकेश साइड), गुरुकुल नारसन, बहादराबाद बाईपास और कोर कॉलेज के पास हाईवे की सफाई की गई। खंड विकास अधिकारी खानपुर राजेंद्र जोशी ने बताया कि पुरकाजी बॉर्डर से कूड़ा एकत्र कर सिकंदरपुर स्थित कॉम्पेक्टर में पहुंचाया गया तथा ग्राम पंचायत सिकंदरपुर के कॉम्पेक्टर का निरीक्षण भी किया गया। वहीं खंड विकास अधिकारी लक्सर परवीन भट्ट ने रुड़की रोड क्षेत्र में सफाई अभियान का निरीक्षण किया। वन विभाग की एसडीओ पूनम कैथोला ने बताया कि एनएच 34 के निकट श्यामपुर वन क्षेत्र में सफाई की गई। उधर, हरकी पैड़ी क्षेत्र में अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती की देखरेख में वाल्मीकि मंदिर और नाई घाट पर लगी अवैध दुकानों को हटाया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य हरिद्वार को पूरी तरह स्वच्छ और मॉडल जिला बनाना है, जिसका असर धरातल पर साफ दिखाई दे रहा है और अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर अभियान की निगरानी कर रहे हैं।