नई दिल्ली। पूरे देश में 18 से 59 वर्ष के लोगों को कोरोना वैक्सीन की बूस्टर डोज लगाने कि प्रक्रिया शुरू हो गई है। मोदी सरकार ने आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में 75 दिनों तक प्रीकॉशन डोज का यह महाअभियान चलाने का फैसला किया है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने पिछले दिनों ही फ्री में बुस्टर डोज देने का प्लान तैयार किया था। राष्ट्रीय कोविड टीकाकरण अभियान के अंतर्गत देश में फिलहाल तीन प्रमुख वैक्सीन कोविशील्ड, कोवैक्सीन एवं कोर्बिवैक्स लगाए जा रहे हैं। कोविशील्ड 18 साल से अधिक उम्र के व्यक्तियों को, कोवैक्सीन 18 साल से अधिक उम्र के व्यक्तियों के साथ-साथ 15 से 18 वर्ष के युवक -युवतियों को भी लगाया जाता है। जबकि, कोर्बिवैक्स 12 से 15 साल तक के किशोर-किशोरियों को लगाया जा रहा है। आपको बता दें कि देश में मोदी सरकार ने देश में प्रीकॉशन डोज की रफ्तार को बढाने के लिए ‘हर घर दस्तक अभियान’ चला रही है। लेकिन, पिछले एक माह में प्रति दिन औसतन 13 लाख टीके ही लगाए जा सके। आज की स्थिति में देश में तकरीबन 11.06 करोड़ वैक्सीन डोज सरकारी केंद्रों में उपलब्ध है। कोविशील्ड के 3.93 करोड़, कोवैक्सीन 3.97 करोड़ और कोर्बिवैक्स 3.16 करोड़ डोज हैं। 15 जुलाई 2022 से पहले प्रीकॉशन डोज सिर्फ 60 साल से अधिक उम्र के व्यक्तियों और हेल्थकेयर-फ्रंटलाइन वर्कर्स को ही मुफ्त लगाया जा रहा था। कुछ दिन पहले तक 18 से 59 साल के व्यक्तियों को भी प्रीकॉशन डॉज सशुल्क लगाया जाता था, लेकिन अब मोदी सरकार ने इस आय़ु वर्ग के लिए भी अगले 75 दिनों तक प्रीकॉशन डोज मुफ्त में लगाने का का निर्णय लिया है।