राज्य मंत्री सुनील सैनी बोले—धामी सरकार ने दिव्यांगजन के लिए किए अभूतपूर्व कार्य, सेवाओं और योजनाओं में बड़ा विस्तार

देहरादून। विश्व दिव्यांग दिवस के अवसर पर समाज कल्याण विभाग द्वारा राज्य स्तरीय उत्कृष्टता सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में दक्ष दिव्यांग कर्मचारी, दिव्यांग खिलाड़ी, स्व–रोजगार में उत्कृष्ट कार्य कर रहे दिव्यांगजन तथा उनके सेवायोजकों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में राज्य मंत्री सुनील सैनी ने कहा कि दिव्यांग भाई–बहनों ने अपनी योग्यता, लगन, परिश्रम और न हार मानने वाले साहस के दम पर विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्ट पहचान बनाई है, जो पूरे राज्य के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि धामी सरकार ने पिछले चार वर्षों में दिव्यांगजनों के हित में ऐतिहासिक और अभूतपूर्व कार्य किए हैं।

राज्य मंत्री ने बताया कि वित्त वर्ष 2025–26 में दिव्यांग पेंशन योजना के तहत 97,214 पेंशनरों को नवंबर 2025 तक नियमित भुगतान किया गया है, जिस पर कुल ₹108.85 करोड़ खर्च किए गए। सभी पेंशन योजनाओं की आवेदन प्रक्रिया को ऑनलाइन कर लाभार्थियों को स्वयं आवेदन करने की सुविधा दी गई है।

उन्होंने बताया कि दिव्यांगजन आयुक्त कार्यालय, आईटी सेल व बहुउद्देशीय वित्त विकास निगम, देहरादून के नए कार्यालय का निर्माण ₹351.09 लाख की लागत से किया जा रहा है।

दक्ष दिव्यांग कर्मचारी एवं सेवायोजकों को दिए जाने वाले राज्य स्तरीय पुरस्कार की धनराशि को भी वर्ष 2023–24 से बढ़ाकर ₹5,000 से ₹8,000 किया गया है। 

दिव्यांगजन को सहायक उपकरण/कृत्रिम अंग प्रदान करने की राशि को भी ₹3,500 से बढ़ाकर ₹7,000 कर दिया गया है। विगत तीन वर्षों में राज्यभर में 994 विशेष शिविर आयोजित कर कुल 18,280 दिव्यांगजनों को निःशुल्क सहायक उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं। 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा संख्या 655/2024 के तहत दिव्यांग छात्रों को सिविल सेवा एवं उच्च स्तरीय प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए निशुल्क ऑनलाइन कोचिंग की व्यवस्था की गई है। इसके लिए हल्द्वानी स्थित राजकीय दिव्यांग प्रशिक्षण एवं उत्पादन केंद्र में कंप्यूटर, ब्रेल की-बोर्ड और वॉइस बॉक्स की व्यवस्था कर दी गई है।\

राज्य मंत्री ने कहा कि धामी सरकार समय-समय पर उत्कृष्ट पैरा खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन करती रही है। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजन हमारे समाज की शक्ति हैं और समाज का दायित्व है कि उन्हें सम्मान, सुगमता और समान अवसरों वाला वातावरण प्रदान किया जाए।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं लाभार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *