हरकी पैड़ी पर संदिग्ध बैग की सूचना पर अलर्ट, तीन चरणों में पुलिस-प्रशासन की मॉकड्रिल सफल

हरिद्वार। हरकी पैड़ी के मालवीय घाट पर संदिग्ध बैग मिलने की सूचना पर पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मोर्चा संभाला। हरकी पैड़ी चौकी को बैग की सूचना मिलते ही पुलिस कंट्रोल रूम को जानकारी भेजी गई, जिस पर कई एजेंसियों की टीम तुरंत मौके के लिए रवाना हुई। इस बीच चौकी इंचार्ज की सतर्कता से भीड़-भाड़ वाला क्षेत्र बिना हड़कंप यात्रियों से खाली कराया गया। अधिकारियों के अनुसार यह एक मॉकड्रिल थी, जिसका उद्देश्य विभिन्न एजेंसियों के रिस्पांस टाइम और को-ऑर्डिनेशन को परखना था।

बम निरोधक दस्ता (BDS) ने सेंसर की मदद से जांच की और डॉग स्क्वॉड ने भी बैग की तलाशी ली, जिसमें संदिग्ध सामग्री होने की आशंका जताई गई।

दूसरे मॉकड्रिल में हरकी पैड़ी स्थित घंटाघर पर दो संदिग्धों द्वारा लोगों को बंधक बनाए जाने की सूचना पर एटीएस टीम ने तत्काल कार्रवाई कर अपहरणकर्ताओं को निष्क्रिय किया और बंधकों को सुरक्षित मुक्त कराया।

तीसरे मॉकड्रिल में सुभाष घाट पर चाय की दुकान में आग लगने की सूचना पर दमकल विभाग ने तेजी से मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया। इस दौरान किसी भी तरह की जान-माल की हानि नहीं हुई।

इंसीडेंट कमांडर एसपी क्राइम जितेंद्र मेहरा ने बताया कि दोपहर में कंट्रोल रूम को मालवीय घाट पर शंकराचार्य की मूर्ति के पास संदिग्ध बैग रखे होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही संबंधित अधिकारियों को अलर्ट कर दिया गया और बीडीएस टीम ने बैग को नियंत्रण में लिया। दूसरे मॉकड्रिल में घंटाघर पर बंधक बनने की सूचना मिलते ही एटीएस टीम ने अपहरणकर्ता को न्यूट्रलाइज कर लोगों को बचाया। तीसरे अभ्यास में सुभाष घाट पर आग की सूचना पर दमकल टीम ने तुरंत पहुंचकर आग बुझाई।

उन्होंने कहा कि किसी भी आपदा या आपात स्थिति से निपटने के लिए त्वरित प्रतिक्रिया और राहत-बचाव कार्यों को परखने हेतु संयुक्त मॉकड्रिल आयोजित की गई। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि वास्तविक घटना में कम से कम समय में स्थिति पर नियंत्रण पाया जा सके और किसी भी प्रकार की जनहानि न हो।

संदिग्ध बैग की सूचना पर एसओजी, सिविल डिफेंस, बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड, एलआईयू, क्यूआरटी, फायर सर्विस और मेडिकल टीम भी मौके पर पहुंची। आसपास के क्षेत्र को तुरंत खाली कराया गया तथा अस्पताल जाने वाले मार्ग को भी सुरक्षित रखा गया। समय रहते संदिग्ध वस्तु को नियंत्रित कर लिया गया। मॉकड्रिल की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।

इस दौरान एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, एएसपी सदर निशा यादव, एएसपी ज्वालापुर जितेंद्र चौधरी, सीओ सिटी शिशुपाल नेगी, सीओ ट्रैफिक संजय चौहान, अग्निशमन अधिकारी वंश बहादुर यादव, एलआईयू इंस्पेक्टर विवेक सहित विभिन्न थानों के इंचार्ज व पुलिस कर्मी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *