हरिद्वार।
मुख्यमंत्री के निर्देशों पर धर्मनगरी हरिद्वार को स्वच्छ, सुंदर और क्लीन जनपद बनाने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक सफाई अभियान तेज कर दिया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में पिछले 18–19 दिनों से लगातार चल रहे इस अभियान को शुक्रवार को और बड़े स्तर पर आगे बढ़ाया गया, जिसमें विभिन्न अखाड़ों, मठों और धार्मिक संस्थाओं ने बढ़-चढ़कर सहयोग दिया।
अभियान के तहत मेलाधिकारी सोनिका एवं मुख्य नगर आयुक्त नंदन कुमार के नेतृत्व में नगर निगम के पर्यावरण मित्रों, साधु-संतों और आमजन के साथ मिलकर गंगा घाटों, प्रमुख मार्गों, सार्वजनिक स्थलों और धार्मिक स्थलों पर विशेष सफाई अभियान चलाया गया। प्रशासन का लक्ष्य है कि मुख्यमंत्री के विज़न के अनुसार धर्मनगरी हरिद्वार को मॉडल जनपद के रूप में विकसित किया जाए।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि इस अभियान को प्रभावी बनाने के लिए सभी जिला स्तरीय अधिकारियों, कर्मचारियों, पर्यावरण मित्रों के साथ-साथ अखाड़ों व धार्मिक संस्थाओं का विशेष सहयोग मिल रहा है। आगे व्यापारियों, स्वयंसेवी संस्थाओं और कंपनियों से भी अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित कराई जाएगी। उन्होंने शहरवासियों और श्रद्धालुओं से अपील की कि वे कूड़ा निर्धारित डस्टबिन में ही डालें तथा स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद के सभी प्रवेश द्वारों और प्रमुख चौराहों का सौंदर्यीकरण भी कराया जा रहा है, ताकि हरिद्वार आने वाले श्रद्धालु और पर्यटक स्वच्छ एवं सुंदर वातावरण का अनुभव कर सकें।
अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने जानकारी दी कि उनके नेतृत्व में आज हुए वृहद अभियान में श्री निरंजनी अखाड़ा, जूना अखाड़ा, बड़ा उदासीन अखाड़ा, श्री पंचायती महानिर्वाणी अखाड़ा, नया उदासीन अखाड़ा, श्री निर्मल पंचायती अखाड़ा, स्वामी नारायण आश्रम, अवधूत मंडल आश्रम, हरिहर आश्रम, शांतिकुंज, श्री गंगा सभा और भारत स्काउट गाइड ने मिलकर गंगा घाटों व अन्य स्थलों पर सफाई में महत्वपूर्ण योगदान दिया।