हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जिला कार्यालय सभागार में आयोजित बैठक में सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिला योजना, राज्य सेक्टर एवं केंद्र पोषित योजनाओं के अंतर्गत संचालित सभी निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय पर पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि स्वीकृत धनराशि का समयबद्ध रूप से व्यय किया जाए, किसी भी प्रकार की शिथिलता क्षम्य नहीं होगी।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को आगामी सोमवार को होने वाली बैठक में अब तक की व्यय राशि और अवशेष धनराशि का पूर्ण विवरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
शीतलहर की स्थिति को देखते हुए उन्होंने गरीब एवं असहाय लोगों के लिए अलाव की समुचित व्यवस्था तथा रैन बसेरों में आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। ग्राम पंचायतों के पंचायत भवनों में भी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के आदेश दिए गए।
स्वच्छता को लेकर डीएम ने सभी कार्यालयों और आसपास क्षेत्रों में साफ-सफाई नियमित रूप से कराने के निर्देश देते हुए कहा कि जनपद को स्वच्छ और सुंदर बनाने में सभी अधिकारी पूर्ण सहयोग दें, लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
परिवहन, पुलिस और उपजिलाधिकारियों को गन्ने से भरी ओवरलोडेड ट्रॉलियों पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया ताकि दुर्घटनाओं की आशंका को रोका जा सके। ओवरलोडिंग पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा, अपर जिलाधिकारी वित्त दीपेंद्र सिंह नेगी, उप जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश, जिला पंचायत राज अधिकारी अतुल प्रताप सिंह, मुख्य शिक्षा अधिकारी आशुतोष भंडारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।