जनसुनवाई में 91 शिकायतें दर्ज, 42 का मौके पर निस्तारण

हरिद्वार। जनपदवासियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 91 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 42 समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के लिए प्रेषित किया गया।

जनसुनवाई के दौरान राजस्व, भूमि विवाद, विद्युत, अतिक्रमण, कृषि भूमि की पैमाइश, अवैध कब्जे, विद्युत लाइनों से खतरे, पेयजल एवं जंगली जानवरों से फसलों को हो रहे नुकसान जैसी समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं। कई मामलों में अधिकारियों ने संबंधित विभागों को तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का निस्तारण गंभीरता, पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

जनसुनवाई में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) दीपेंद्र सिंह नेगी, जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश, मुख्य शिक्षा अधिकारी आशुतोष भंडारी, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी नलिनी ध्यानी, परियोजना निदेशक उरेडा वाई.एस. बिष्ट, समाज कल्याण अधिकारी अविनाश भदौरिया, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता दीपक कुमार, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत सहित जिला स्तरीय अधिकारी एवं विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *