हरिद्वार। राष्ट्र के संचालन के लिए धर्म नीति का होना आवश्यक है। धर्म की रक्षा होगी तभी राष्ट्र सुरक्षित रहेगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा जिहादी मानसिकता के खिलाफ की गई सख्त और ताबड़तोड़ कार्रवाई सराहनीय है। उनके कार्यों को डॉ. सोनाली मिश्रा और रीना मानसेरा ने पुस्तक के रूप में लिपिबद्ध कर समाज के सामने रखा है। यह विचार जगतगुरु शंकराचार्य स्वामी राजराजेश्वराश्रम महाराज ने ऋषिकुल सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान धर्म रक्षक धामी पुस्तक के विमोचन अवसर पर व्यक्त किए।
जगतगुरु शंकराचार्य ने कहा कि संतों का आशीर्वाद यह सिद्ध करता है कि मुख्यमंत्री धामी सही दिशा में कार्य कर रहे हैं। निरंजन पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानन्द गिरी महाराज ने लेखिकाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में अवैध गतिविधियों पर धामी सरकार की सख्ती से जिहादी मानसिकता के लोग परेशान हैं और राज्य छोड़कर पलायन कर रहे हैं।
अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद अध्यक्ष एवं मां मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्र पुरी महाराज ने कहा कि इस पुस्तक के माध्यम से धामी को देवी का आशीर्वाद प्राप्त हुआ है। यह प्रयास प्रदेशवासियों को नई ऊर्जा देगा। पूर्व राज्यपाल एवं पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी ने मुख्यमंत्री धामी को युवाओं का प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि जिहाद के खिलाफ उनके द्वारा किया गया कार्य देवभूमि के लिए मील का पत्थर साबित होगा।
पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री एवं नैनीताल सांसद अजय भट्ट ने कहा कि यह पुस्तक प्रदेश की जनता के लिए एक महत्वपूर्ण तोहफा है, जिससे युवा पीढ़ी मुख्यमंत्री धामी के कार्यों को करीब से जान सकेगी। कार्यक्रम में महामंडलेश्वर स्वामी डॉ. शाश्वतानन्द गिरी, स्वामी रूपेंद्र प्रकाश, स्वामी ललितानन्द, स्वामी यतीश्वरानंद सहित अन्य संतों ने भी धामी सरकार के प्रयासों की सराहना की।
पुस्तक का परिचय डॉ. सोनाली मिश्रा ने दिया और अतिथियों का आभार रीना मानसेरा ने व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. देवेंद्र भसीन ने किया। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी, राज्य मंत्री विनय रोहिल्ला, मेयर किरण जैसल, भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, संत समाज और बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।