अटल जयंती पर रानीपुर में अटल स्मृति सम्मेलन, नेताओं ने किया विचारों को याद

हरिद्वार। भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म शताब्दी के अवसर पर रानीपुर विधानसभा क्षेत्र के शिवालिकनगर में अटल स्मृति सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सम्मेलन की शुरुआत अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि देने के साथ की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रानीपुर विधायक आदेश चौहान और मुख्य वक्ता भाजपा के पूर्व प्रदेश महामंत्री मयंक गुप्ता रहे। इस अवसर पर विधायक आदेश चौहान ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय राजनीति के ऐसे महानायक थे, जिन्होंने सिद्धांतों, संस्कारों और संवाद की राजनीति को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। उन्होंने कहा कि अटल जी का संपूर्ण जीवन आज की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। साधारण जीवन से असाधारण नेतृत्व तक की उनकी यात्रा हर कार्यकर्ता को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करती है। विषम परिस्थितियों में भी उन्होंने अपने विचारों और मूल्यों से कभी समझौता नहीं किया।
मुख्य वक्ता मयंक गुप्ता ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने राजनीति में शुचिता, सर्वसम्मति और संवाद की मजबूत परंपरा स्थापित की। पोखरण परमाणु परीक्षण, स्वर्णिम चतुर्भुज परियोजना और पड़ोसी देशों के साथ संवाद की नीति उनके दूरदर्शी नेतृत्व के ऐतिहासिक उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि अटल जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्रहित और जनसेवा के संकल्प को समर्पित रहा।
सम्मेलन में प्रदेश सह मीडिया प्रभारी विकास तिवारी, जिला उपाध्यक्ष लव शर्मा, मंडल अध्यक्ष विपिन शर्मा, कार्यक्रम संयोजक संदीप राठी सहित बड़ी संख्या में भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में वक्ताओं ने अटल बिहारी वाजपेयी के विचारों को आत्मसात करने और उन्हें जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *