हरिद्वार में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक नई पहल शुरू की गई है। मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा ने ग्रामीण व्यवसाय इन्क्यूबेटर सेंटर में क्लाउड किचन प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उत्तराखंड राज्य की 25वीं वर्षगांठ के अवसर पर जनपद की 25 महिलाओं को इस प्रशिक्षण से जोड़ा गया है। यह प्रदेश का पहला जनपद है, जहां महिलाओं को क्लाउड किचन के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों में काम करने वाले श्रमिकों को घर जैसा भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह पहल की गई है। महिलाएं कम लागत में घर से ही क्लाउड किचन शुरू कर सकेंगी। प्रशिक्षण के दौरान भोजन की गुणवत्ता, शुद्धता, फूड लाइसेंस और व्यवसाय संचालन की जानकारी दी जाएगी। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन एवं ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान के सहयोग से महिलाओं को प्रशिक्षण और ऋण सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। कार्यक्रम में संबंधित अधिकारी, प्रशिक्षक एवं महिला समूह की सदस्य उपस्थित रहीं।