तीर्थनगरी हरिद्वार को स्वच्छ, सुंदर और क्लीन जनपद बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा एक माह 11 दिन से लगातार सफाई अभियान चलाया जा रहा है, जिसका असर अब साफ तौर पर दिखाई देने लगा है। शहर से लेकर गांव, कस्बों और प्रमुख सड़क मार्गों तक नियमित रूप से साफ-सफाई की जा रही है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित स्वयं अभियान की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री के निर्देशन में जनपद को मॉडल बनाने के लक्ष्य के तहत विभिन्न विभागों और संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी से अभियान को गति मिली है। बीएचईएल टाउनशिप प्रशासन द्वारा बैरियर नंबर-1 के आसपास कूड़ा, प्लास्टिक कचरा हटाकर सफाई की गई। लोक निर्माण विभाग ने रोशनाबाद से बिहारीगढ़ मार्ग पर साफ-सफाई कराई।
जल निगम ने तेलीवाला, सोहलपुर, औरंगाबाद व हादीपुर क्षेत्रों में हैंडपंपों की सफाई कराई, जबकि जल संस्थान द्वारा शिवालिक नगर कार्यालय परिसर में सफाई अभियान चलाया गया। खंड विकास अधिकारियों ने विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में साफ-सफाई कराई। वहीं नेचर फाउंडेशन सोसायटी ने अलकनंदा घाट पर सफाई, कॉमन शौचालय हटाने और पौधारोपण का कार्य किया।