हरिद्वार। अर्धकुंभ मेले के अंतर्गत होने वाले विकास कार्यों को स्थायी और उच्च गुणवत्ता वाला बनाए जाने की मांग को लेकर महानगर व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष सुनील सेठी ने कुंभ मेला अधिकारी सोनिका से मुलाकात कर उन्हें एक मांगपत्र सौंपा। उन्होंने कहा कि अर्धकुंभ के नाम पर होने वाले कार्य अस्थायी न होकर ऐसे हों, जिनका लाभ भविष्य में हरिद्वार की जनता और देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को लंबे समय तक मिल सके।
सुनील सेठी ने मांगपत्र में हाइवे से सुखी नदी को जोड़ने वाले पुल के निर्माण, भीमगोड़ा कुंड के जीर्णोद्धार, हिल बाईपास मार्ग के साथ-साथ मुख्य बाजारों और कॉलोनियों में हेरिटेज पोल लगाए जाने, फ्लाईओवरों के नीचे नियमित साफ-सफाई की व्यवस्था जैसी प्रमुख मांगें रखीं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अर्धकुंभ के सभी कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए और प्रथम श्रेणी के रैंकिंग वाले ठेकेदारों से ही कार्य कराए जाएं, ताकि सरकारी धन का दुरुपयोग न हो और विकास कार्य लंबे समय तक टिकाऊ रहें।
उन्होंने हाल ही में गंगा किनारे घाट निर्माण में सामने आई खामियों का जिक्र करते हुए कहा कि ठेकेदारों की लापरवाही के कारण न केवल कार्य की गुणवत्ता प्रभावित हुई, बल्कि प्रशासन को नुकसान भी उठाना पड़ा। ऐसे में भविष्य में किसी भी लापरवाह ठेकेदार या गुणवत्ता से समझौता करने वाली कंपनी को कोई भी कार्य न दिया जाए। सुनील सेठी ने यह भी मांग की कि अर्धकुंभ के अंतर्गत प्रस्तावित स्थायी कार्यों को शासन स्तर पर भेजकर उनकी संख्या बढ़ाई जाए, ताकि शहर के स्थायी विकास को गति मिल सके।
इस अवसर पर सुनील मनोचा, निश्चित ऐरन, सोनू चौधरी, प्रीत कमल, राहुल शर्मा, लालजी यादव और युवराज बिष्ट उपस्थित रहे।