जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार शिविर में 1295 लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ

हरिद्वार।
विकासखंड बहादराबाद की न्याय पंचायत रणसूरा के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय कासमपुर में आयोजित जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार बहुउद्देशीय शिविर में 1295 लोगों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के माध्यम से 20 प्रमाण पत्र भी जारी किए गए, जबकि 2176 लोगों ने प्रतिभाग किया।

शिविर के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 70 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 35 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को शीघ्र निस्तारण के लिए भेजा गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा ने की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान और योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से ऐसे शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।

राज्य किसान आयोग के उपाध्यक्ष अजीत सिंह चौधरी ने कहा कि प्रदेश में पहली बार सभी न्याय पंचायतों में इस प्रकार के शिविर लगाकर 23 विभाग एक ही स्थान पर सेवाएं दे रहे हैं। शिविर में विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया गया तथा पात्र लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट वितरित की गई। साथ ही ग्रामीणों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *