हरिद्वार। वरिष्ठ नागरिक सामाजिक संगठन, हरिद्वार (उत्तराखंड) के प्रतिनिधिमंडल ने जीएमएचआर भैल में महाप्रबंधक (मानव संसाधन) श्री संतोष कुमार गुप्ता से भेंट की। जिलाधिकारी हरिद्वार के निर्देश पर ‘सफाई सप्ताह’ के तहत भेल प्रबंधन व नगर प्रशासन की ओर से भेल क्षेत्र में व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान चौराहों का जीर्णोद्धार कर प्रकाशीय व्यवस्था की गई और सौंदर्यीकरण किया गया। चौराहों पर प्रकाश की समुचित व्यवस्था होने से रात्रि में होने वाली दुर्घटनाओं पर अंकुश लगेगा।
संगठन प्रतिनिधिमंडल ने इस पहल के लिए जीएमएचआर को बधाई देते हुए कुछ समस्याओं के समाधान की मांग रखी। उन्होंने बताया कि मुख्य चिकित्सालय आने-जाने में वरिष्ठ रोगियों को कठिनाई का सामना करना पड़ता है, ऐसे में भेल प्रबंधन के पास उपलब्ध दो ई-रिक्शाओं को सेक्टर-2 और सेक्टर-4 से मुख्य चिकित्सालय तक संचालित किया जाए। इसके अलावा भेल चिकित्सा विभाग द्वारा 75 वर्ष से अधिक आयु के रोगियों के लिए चिकित्सक परामर्श की विशेष सुविधा के अंतर्गत रजिस्ट्रेशन खिड़की पर अलग से रजिस्टर में नाम दर्ज करने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
प्रतिनिधिमंडल ने पूर्व कार्यपालक निदेशक की भांति सप्ताह में एक दिन कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए निश्चित दिवस तय करने और वर्ष 2007 से पूर्व सेवानिवृत्त कर्मचारियों को ‘इमरजेंसी नीड्स एंड मिटिगेशन स्कीम’ के तहत मिलने वाली वार्षिक ₹10 हजार की आर्थिक सहायता पुनः दिलाने की मांग भी रखी।
इस पर जीएमएचआर श्री संतोष कुमार गुप्ता ने आश्वासन दिया कि ई-रिक्शाओं का संचालन शीघ्र शुरू कराया जाएगा, 75 वर्ष से अधिक आयु के सभी रोगियों को नियमानुसार चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया जाएगा तथा अप्रैल माह से सप्ताह में एक दिन कर्मचारियों की समस्याएं सुनने और समाधान के लिए दिन व समय निर्धारित किया जाएगा। आश्वासन के लिए संगठन ने जीएमएचआर का आभार व्यक्त किया।
प्रतिनिधिमंडल में चौ. चरण सिंह, बाबूलाल सुमन, एससीएस भास्कर और राम सागर सिंह शामिल रहे।