हरिद्वार। शीतलहर से राहत एवं बचाव के लिए उपाध्यक्ष आपदा प्रबंधन/राज्य मंत्री विनय रोहिला ने देर रात्रि रोड़ी बेलवाला क्षेत्र में संचालित रैन बसेरों का नगर निगम एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गरीब एवं बेसहारा व्यक्तियों तथा श्रद्धालुओं को कम्बल वितरित किए।
निरीक्षण के दौरान रैन बसेरों में विद्युत, पानी, शौचालय, बिस्तर एवं साफ-सफाई की व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए तथा किसी भी व्यक्ति से शुल्क न लेने और आगंतुकों का विवरण रखने को कहा गया। साथ ही सार्वजनिक स्थानों व प्रमुख चौराहों पर अलाव जलाने की व्यवस्था निरंतर रखने के निर्देश दिए गए।
विनय रोहिला ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार कोई भी गरीब या बेसहारा व्यक्ति शीतलहर से प्रभावित न हो, इसके लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है और अंतिम छोर पर निवासरत व्यक्ति तक सहायता पहुंचाई जा रही है।