महाशिवरात्रि से पहले गंगा घाटों व पुलों पर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने की मांग

हरिद्वार। महाशिवरात्रि पर्व को देखते हुए महानगर व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष सुनील सेठी ने शहर में सुरक्षा व स्वच्छता से जुड़ी व्यवस्थाएं समय रहते दुरुस्त करने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने मुख्य नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपा।

सुनील सेठी ने कहा कि 15 तारीख को महाशिवरात्रि के अवसर पर कांवड़ियों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शहर में आएंगे। ऐसे में गंगा घाटों, पुलों और शिव मंदिरों के आसपास समुचित पथ प्रकाश की व्यवस्था आवश्यक है। उन्होंने झूलते व लटकते वाई-फाई तारों और खुले विद्युत तारों को तत्काल हटाने की मांग की, जो श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए खतरा बने हुए हैं और कांवड़ खंडित होने की आशंका पैदा कर रहे हैं।

उन्होंने नगर निगम क्षेत्र में लगे अवैध होर्डिंग और डिवाइडरों पर लगाए गए फ्लेक्स को भी हटाने की मांग की। सेठी ने कहा कि ये न केवल शहर की सुंदरता बिगाड़ रहे हैं, बल्कि दुर्घटनाओं का कारण भी बन सकते हैं। साथ ही गंगा घाटों के आसपास आवारा पशुओं की आवाजाही पर रोक लगाने और सफाई नायकों की संख्या बढ़ाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

कांवड़ यात्रा के दौरान खुले मैदानों, पार्किंग स्थलों और पुलों पर लगने वाले बाजारों व मेलों के बाद फैलने वाली गंदगी को लेकर भी उन्होंने चिंता जताई। सेठी ने मांग की कि मेले उपरांत संबंधित स्थल की सफाई की जिम्मेदारी फंड लगाने वालों या किराया वसूलने वालों की तय की जाए, ताकि संक्रामक रोगों की आशंका न रहे।

मुख्य नगर आयुक्त ने आश्वासन दिया कि महाशिवरात्रि से पूर्व नगर निगम द्वारा समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी और आवश्यक कार्रवाई शीघ्र शुरू होगी। इस अवसर पर कोषाध्यक्ष मुकेश अग्रवाल, उपाध्यक्ष सुनील मनोचा, भूषण लाल अरोड़ा, सौरभ अरोड़ा और सोनू चौधरी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *