हरिद्वार।
जिलाधिकारी के निर्देशन में मानसा देवी क्षेत्र में वन संपदा को वनाग्नि से बचाने हेतु व्यापक मॉक अभ्यास किया गया। सुबह 10:30 बजे आग लगने की सूचना पर आपदा प्रबंधन टीम को तुरंत मौके पर भेजा गया, जहां संयुक्त टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर नियंत्रण पाया।
मॉक ड्रिल के दौरान आग की चपेट में आए तीन लोगों का सफल रेस्क्यू कर जिला चिकित्सालय भेजा गया। दो घायलों को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि एक गंभीर घायल को हायर सेंटर रेफर किया गया। आग से घायल एक चीतल शावक को उपचार हेतु चिड़ियापुर रेस्क्यू सेंटर भेजा गया।
यह दो दिवसीय विशेष अभ्यास के अंतर्गत आयोजित किया गया। पहले दिन टेबल टॉप एक्सरसाइज और दूसरे दिन चुनौतीपूर्ण वन क्षेत्र में फायर मॉक ड्रिल का आयोजन हुआ। मात्र 5 मिनट में 11 विभागों की टीमों की तैनाती कर 1 घंटा 45 मिनट में आग पर पूर्ण नियंत्रण प्राप्त किया गया।
अभ्यास में वन विभाग, पुलिस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, अग्निशमन, स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न विभागों ने सहभागिता कर आपसी समन्वय और आपदा प्रबंधन क्षमता का प्रभावी प्रदर्शन किया।