देहरादून। प्रमेन्द्र डोबाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून, ने जनपद में अपनी पहली परेड के दौरान कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया कि कर्मचारियों का वेलफेयर उनकी प्राथमिकता है, लेकिन अनुशासन के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
शुक्रवार को पुलिस लाइन में आयोजित परेड का निरीक्षण करते हुए एसएसपी ने स्वयं अधीनस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ दौड़ लगाई तथा उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से चुस्त-दुरुस्त रहने के लिए प्रेरित किया। परेड के उपरांत पुलिस लाइन के भ्रमण के दौरान क्वार्टर गार्ड के निरीक्षण में बैरक की सफाई व्यवस्था संतोषजनक न मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और गार्ड कमांडर सहित उपस्थित कर्मियों को व्यवस्था दुरुस्त रखने के सख्त निर्देश दिए।
परिवहन शाखा के निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने वाहनों की लॉग बुक और रनिंग रजिस्टरों की जांच की। अभिलेख अद्यतन न पाए जाने पर उपनिरीक्षक परिवहन शाखा को कड़ी फटकार लगाई गई तथा सभी रजिस्टरों को नियमित रूप से अपडेट रखने के निर्देश दिए गए।
पुलिस लाइन स्थित रिक्रूट ट्रेनिंग सेंटर के निरीक्षण में बैरकों और मैस की सफाई व्यवस्था पर असंतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने मैस की स्वच्छता बनाए रखने, रिक्रूट आरक्षियों को उच्च गुणवत्ता का भोजन उपलब्ध कराने तथा गोदाम में कच्चे राशन के सुव्यवस्थित भंडारण के निर्देश दिए।
बीडीएस शाखा के निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने उपलब्ध उपकरणों और आकस्मिक स्थिति में की जाने वाली कार्रवाई के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने संदिग्ध वस्तु या बम की सूचना पर थाना पुलिस और बम निरोधक दस्ता के बीच बेहतर समन्वय के साथ त्वरित सर्च अभियान चलाने तथा संयुक्त प्रशिक्षण आयोजित करने के निर्देश दिए।
पुलिस लाइन परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए एसएसपी ने संबंधित कार्यदायी संस्थाओं के पदाधिकारियों से वार्ता कर निर्माण कार्य निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने और गुणवत्ता उच्च स्तर की बनाए रखने के निर्देश दिए।