जनसेवा केन्द्र की आड़ में फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाला आरोपी गिरफ्तार

हरिद्वार। जनसेवा केन्द्र की आड़ में फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले बिहार निवासी एक शातिर आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में कूटरचित जन्म प्रमाण पत्र, मोहरें तथा इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए हैं।

जानकारी के अनुसार बीते दिनों कोतवाली कलियर पुलिस को एलआईयू के सहयोग से सूचना मिली थी कि क्षेत्र में एक व्यक्ति जनसेवा केन्द्र की आड़ में फर्जी दस्तावेज तैयार कर रहा है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस और एलआईयू टीम ने पिरान कलियर क्षेत्र में चारमीनार के पीछे स्थित अलीशान होटल में ‘शाहिदा मानवाधिकार जनसेवा केन्द्र’ का बोर्ड लगे कमरे में छापेमारी की। मौके पर एक व्यक्ति स्थानीय तथा बाहरी राज्यों के लोगों के जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड और पैन कार्ड आदि बनाते हुए पाया गया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम शहनवाज पुत्र मौ. प्यारे निवासी ग्राम दाउदपुर, थाना साहिबगंज, जिला मुजफ्फरपुर (बिहार), वर्तमान पता अलीशान होटल, पिरान कलियर, जिला हरिद्वार बताया। उसने स्वयं को मानवाधिकार आयोग का अध्यक्ष बताने का दावा किया तथा होटल में सीएससी सेंटर संचालित करने की बात कही। वह मतदाता पहचान पत्र, पैन कार्ड, आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र सहित अन्य दस्तावेज तैयार करने की जानकारी देता रहा।

पुलिस द्वारा बरामद जन्म प्रमाण पत्रों की जांच करने पर पाया गया कि सभी प्रमाण पत्रों पर सीरियल नंबर ‘1’ अंकित था तथा उन पर उत्तराखंड राज्य का लोगो और ‘उत्तराखण्ड सरकार’ हिंदी व अंग्रेजी में मुद्रित था। अधिकांश प्रमाण पत्र हरिद्वार में निवासरत व्यक्तियों के नाम पर जारी थे तथा चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम रुद्रपुर के लेटर पैड पर बनाए गए थे।

मामले की पुष्टि के लिए नगर पंचायत पिरान कलियर के ईओ से संपर्क कर व्हाट्सएप के माध्यम से प्रमाण पत्र की फोटो भेजी गई। ईओ ने बताया कि प्रमाण पत्र पर लगी मोहरें और हस्ताक्षर उनके नहीं हैं तथा उक्त दस्तावेज पूरी तरह फर्जी हैं। साथ ही आरोपी का मानवाधिकार आयोग का पहचान पत्र भी फर्जी पाया गया।

कड़ी पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह कुछ दस्तावेज स्वयं गूगल के माध्यम से ऑनलाइन तैयार करता था तथा कुछ दस्तावेज ऑनलाइन मंगाकर प्रिंट निकालकर लोगों को देता था। जानकारी के अनुसार वह अब तक लगभग एक हजार से अधिक जन्म प्रमाण पत्र और अन्य कूटरचित दस्तावेज तैयार कर चुका है।

तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 45 कूटरचित जन्म प्रमाण पत्र, एक लैपटॉप, लैपटॉप चार्जर, एक माउस, एक रेडमी मोबाइल फोन, 6 आधार कार्ड तथा 7 विभिन्न मोहरें बरामद की हैं। इस संबंध में थाना कोतवाली पिरान कलियर में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *