धामी कैबिनेट में विभागों का बंटवारा, नए मंत्रियों को मिली जिम्मेदारियां

देहरादून। उत्तराखंड में धामी कैबिनेट विस्तार के बाद मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा कर दिया गया है। हाल ही में पांच नए मंत्रियों के शपथ ग्रहण के बाद जारी सूची में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सामान्य प्रशासन, गृह, कार्मिक, सतर्कता, नियुक्ति एवं प्रशिक्षण तथा सूचना एवं जनसंपर्क जैसे अहम और संवेदनशील विभाग अपने पास ही रखे हैं। ये विभाग शासन की रीढ़ माने जाते हैं, जिनसे प्रशासनिक फैसलों और कानून-व्यवस्था पर सीधा नियंत्रण सुनिश्चित होता है। सुबोध उनियाल को स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

 

विभागों के बंटवारे में खजान दास को समाज कल्याण, अल्पसंख्यक कल्याण, छात्र कल्याण और भाषा विभाग दिए गए हैं। भरत सिंह चौधरी को ग्राम्य विकास तथा लघु, सूक्ष्म एवं मध्यम उद्यम विभाग की जिम्मेदारी मिली है। प्रदीप बत्रा को पंचायती राज, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास, आयुष एवं आयुष शिक्षा तथा पुनर्गठन एवं जनगणना विभाग सौंपे गए हैं। वहीं राम सिंह कैड़ा को परिवहन, सूचना प्रौद्योगिकी, सुशासन एवं विज्ञान प्रौद्योगिकी, जैव प्रौद्योगिकी के साथ शहरी विकास, पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन तथा जलागम प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विभागों का दायित्व दिया गया है। नए विभागीय बंटवारे से शासन-प्रशासन में बेहतर समन्वय और विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *