रुद्रप्रयाग। विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम में हुई भारी बर्फबारी के बाद पूरी केदार घाटी सफेद चादर से ढक गई है। चारों ओर फैली बर्फ के बीच धाम का दृश्य अत्यंत दिव्य, शांत और मनमोहक नजर आ रहा है, जो श्रद्धा और प्रकृति के अद्भुत संगम को दर्शाता है। बर्फ की मोटी परतों के बीच मंदिर परिसर और आसपास का क्षेत्र अलौकिक आभा बिखेर रहा है।
कठोर मौसम और शून्य से नीचे गिरते तापमान के बावजूद उत्तराखंड पुलिस और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के जवान पूरी मुस्तैदी के साथ सुरक्षा व्यवस्था संभाले हुए हैं। बर्फबारी के बीच भी जवान लगातार गश्त कर रहे हैं और सुरक्षा घेरा मजबूत बनाए हुए हैं। विषम भौगोलिक परिस्थितियों में जवान अपने बैरकों और आसपास जमी बर्फ को स्वयं हटाकर व्यवस्थाएं सुचारु रखने में जुटे हैं।
धाम में तैनात संयुक्त सुरक्षा बल न केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय है, बल्कि मौसम से उत्पन्न चुनौतियों से निपटने के लिए भी पूरी तरह तैयार है। भारी बर्फबारी के बावजूद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं और हर गतिविधि पर पैनी नजर बनाए हुए हैं, ताकि धाम की सुरक्षा में किसी प्रकार की चूक न हो।