एमडीए छात्र हत्याकांडःसीबीआई ने ब्लू काॅर्नर नोटिस प्रक्रिया पर तीन आपत्तियां भेजी

देहरादून। त्रिपुरा के 24 वर्षीय एमबीए छात्र एंजेल चकमा हत्याकांड मामले में मुख्य आरोपी यज्ञराज अवस्थी की नेपाल में तलाशी के लिए शुरू की गई ब्लू कॉर्नर नोटिस प्रक्रिया पर सीबीआई ने तीन आपत्तियां भेजी हैं। इनमें आरोपी की व्यक्तिगत अपराधिक भूमिका के बारे में 1200 से 1500 शब्दों में डिटेल मांगी गई है।

 दूसरी पंजीकरण दर्ज और तीसरी घटना के समय आदि से जुड़ी जानकारी तलब की गई है। वहीं दून पुलिस अब सीबीआई के सवालों के जवाब तैयार कर रही है। उम्मीद है कि जल्द ही भारतपोल पोर्टल पर जवाब अपलोड किए जाएंगे। जवाब अपलोड होते ही फिर एंजेल चकमा हत्याकांड के मुख्य आरोपी यज्ञराज अवस्थी की गिरफ्तारी के लिए आगे कार्रवाई शुरू हो पाएगी।

 बता दें कि नौ दिसंबर 2025 को देहरादून के सेलाकुई क्षेत्र में दो पक्षों में विवाद हो गया था। इस दौरान छात्र एंजेल चकमा और उनके भाई माइकल चकमा पर दूसरे पक्ष के छह लोगों ने हमला कर दिया था। इसमें एंजेल को गंभीर चोटें आईं थीं। इसके बाद उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों ने जांच के बाद एंजेल की गर्दन के पास गंभीर चोट लगने की पुष्टि की थी।

पुलिस ने इस मामले में पहले हत्या के प्रयास की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। उसके बाद 26 दिसंबर को एंजेल की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। इस पर पुलिस ने धाराओं को हत्या में मुकदमा दर्ज किया था। इससे पहले घटना के कुछ दिनों बाद पुलिस ने इस मामले में दो नाबालिग समेत पांच आरोपियों को तो गिरफ्तार कर लिया था। लेकिन हत्याकांड का मुख्य आरोपी यज्ञ राज अवस्थी पुलिस को चकमा देकर नेपाल भाग गया था।

 पुलिस ने गिरफ्तार किए गए पांच आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट भी दाखिल कर दी है। वहीं फरार आरोपी यज्ञ राज की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने ब्लू कॉर्नर नोटिस की प्रक्रिया शुरू की है। अब सीबीआई ने भारत पोल पोर्टल के माध्यम से इस मामले में तीन आपत्तियां भेजी हैं। इस मामले में छह लोगों को आरोपी बनाया गया है। ऐसे में यज्ञराज की हत्याकांड में व्यक्तिगत भूमिका कितनी थी, इसका उल्लेख करना जरूरी है। साथ ही उसकी मंशा के बारे में भी जानकारी मांगी गई है।

 सीओ विकासनगर विवेक कुटियाल ने बताया है कि सीबीआई के सवालों के जवाब तैयार किया जा रहे हैं। जल्द ही भारत पोल पोर्टल पर जवाब अपलोड किए जाएंगे। साथ ही फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किया जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *