अल्मोड़ा। घरेलू गैस सिलिंडर की किल्लत से लोग प्रदेशभर में लोग खासे परेशान होते नजर आ रहे है। अल्मोड़ा में गैस की आपूर्ति बाधित होने से परेशान उपभोक्ताओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए मुख्य हाईवे को जाम कर दिया। इस दौरान लोगों ने सरकार और संबंधित विभाग के खिलाफ जोरदार नारेबाजी कर सड़क जाम की।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि पिछले कई दिनों से गैस सिलिंडर की आपूर्ति अनियमित चल रही है, जिससे घरों में रसोई व्यवस्था प्रभावित हो रही है। कई परिवारों को बिना गैस के कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन जिम्मेदार विभाग इस ओर कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है। हाईवे जाम होने से यातायात भी प्रभावित रहा और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया।
प्रशासन ने जल्द ही गैस आपूर्ति सुचारू कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शनकारियों ने जाम खोल दिया। हालांकि, लोगों ने चेतावनी दी कि यदि समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।