पौड़ी। जिले के देहलीचैरी क्षेत्र में रविवार सुबह एक कार अनियंत्रित होकर खाई में गिर गयी। इस हादसे में एक महिला की मौत हो गयी। जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मृतक महिला के शव का पंचनामा भरकर आगे की कार्यवाही के लिए भेज दिया है। जबकि अन्य घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार जनपद के देहलचैरी क्षेत्र में रविवार को अरकणी बैंड से करीब 800 मीटर आगे एक इको कार अनियंत्रित होकर सड़क से लगभग 50 से 60 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में एक महिला की मौत हो गई है, जबकि चार अन्य घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम राहत एवं बचाव उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। जिसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों का रेस्क्यू किया गया। पुलिस के अनुसार वाहन को रोहित थपलियाल चला रहा था, जो रुद्रप्रयाग से शादी समारोह में शामिल होकर ग्राम भेंटा, कोट ब्लॉक से वापस रुद्रप्रयाग लौट रहे थे। वाहन में चालक समेत पांच लोग सवार थे।
रेस्क्यू अभियान के दौरान पुलिस कर्मी कांस्टेबल बद्री लाल ने गंभीर रूप से घायल महिला को अपने निजी वाहन से उपचार के लिए बेस अस्पताल श्रीकोट पहुंचाया। जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। अन्य घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भेजा गया। जहां उनका उपचार किया जा रहा है। सभी घायलों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है। मृतक महिला की पहचान 49 वर्षीय अनीता भट्ट पत्नी शशि राम भट्ट निवासी जाखन, अंसल ग्रीन वैली, राजपुर रोड के रूप में हुई है। वहीं घायलों में चालक रोहित थपलियाल पुत्र प्रेमचंद थपलियाल निवासी रतुड़ा रुद्रप्रयाग उम्र 24,रश्मि देवी पत्नी प्रेमचंद थपलियाल निवासी उपरोक्त उम्र 45 वर्ष,
सुधा देवी पत्नी जगदीश प्रसाद निवासी रतूड़ा रुद्रप्रयाग उम्र 54,सुमन बिष्ट पुत्री गजपाल सिह बिष्ट निवासी ग्राम भेंटा देहलचोरी श्रीनगर जनपद पौड़ी गढवाल उम्र-26 वर्ष शामिल है।