हरिद्वार। मोहम्मद शहजाद से जुड़ा मदरसा जांच मामला हरिद्वार के राजनीतिक गलियारो में चर्चा का विषय बना हुआ है। उपर से 23 मदरसों की सहायता राशि रोके जाने की खबर सामने आने के बाद राजनीतिक माहौल पूरी तरह गरमा गया है। इस मामले को लेकर जन अधिकार पार्टी (जनशक्ति) के राष्ट्रीय अध्यक्ष आजाद अली ने लक्सर विधायक मोहम्मद शहजाद पर हमला बोला है।
आजाद अली ने कहा कि हरिद्वार के 23 मदरसों की शिकायत मोहम्मद शहजाद ने की। साथ ही उनकी राशि रोकी गई। उन मदरसों की जांच करवा दी गई है। उन्होंने कहा कि मोहम्मद शहजाद को समाज से कोई लेना देना नहीं है। उन्होंने कहा कि वे सिर्फ विधायक बनना चाहते हैं। आजाद अली ने कहा कि वे समाज के नाम पर तीन तीन बार विधायक बन गये। इसके बाद भी उन्होंने आज तक किसी के लिए कुछ नहीं किया है।
आजाद अली ने कहा कि मोहम्मद शहजाद ने आज तक समाज के किसी व्यक्ति का कोई काम नहीं किया है। आजाद अली ने कहा कि मदरसों की शिकायत करने की बजाय उन पर काम किया जाता। उन मदरसों के हालात सुधारे जाते, मगर ऐसा नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग समाज को कमजोर करना चाहते हैं। ऐसे लोग केवल समाज के नाम पर नेता बनना चाहते हैं।
वहीं, इस बाबत लक्सर विधायक ने बताया कि उपरोक्त जांच सरकार द्वारा कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि यह सब भाजपा सरकार कर रही है। साथ ही उन्होंने छवि धूमिल करने का भी आरोप लगाया है। लक्सर विधायक मोहम्मद शहजाद ने कहा कि जिन मदरसों की जांच बताई जा रही है वह मदरसे नहीं हैं, एमडीएम स्कूल हैं, जिनमें कुछ खामियां मिली थी। उन्हीं को लेकर कार्रवाई की गई है।
उन्होंने कहा कि उनकी छवि धूमिल करने वालों को वे लीगल नोटिस भेज रहे हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि वे इस मामले को विशेषाधिकार अधिकार हनन में उठाएंगे। उन्होंने कहा कि उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष को पत्र भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि मामला सिर्फ और सिर्फ विरोधियों की बदनाम करने की साजिश है।