रुद्रपुर। तेल मिल व्यापारी के घर हुई चोरी का खुलासा करते हुए पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह के सरगना सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से 389 ग्राम स्वर्ण आभूषण, 3.417 किलोग्राम चांदी, तीन लाख रुपये नकद तथा चोरी में प्रयुक्त बाइक बरामद की गई है। तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
एसएसपी अजय गणपति ने प्रेसवार्ता में बताया कि 18 अप्रैल को आवास विकास निवासी तेल मिल व्यापारी राजेन्द्र गोयल अपने परिवार के साथ रामनगर में एक विवाह समारोह में गए थे। 19 अप्रैल की रात अज्ञात चोरों ने उनके घर को निशाना बनाकर भारी मात्रा में स्वर्ण आभूषण, चांदी और नकदी चोरी कर ली।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान की। शनिवार रात सूचना मिली कि चोरी करने वाला गिरोह सितारगंज के केशवनगर स्थित एक निर्माणाधीन मकान में एकत्र है। इस पर पुलिस और एसओजी टीम ने घेराबंदी कर गिरोह के सरगना दीपक गुप्ता उर्फ जगदीश गुप्ता निवासी केशवनगर सितारगंज, अकील अहमद निवासी इस्लामनगर खटीमा और दीपक रस्तोगी उर्फ लड्डू निवासी शाहजहांपुर को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों के पास से चोरी का सारा सामान बरामद कर लिया गया है। इस सफलता पर एसएसपी ने पुलिस व एसओजी टीम को पांच हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है।
पुलिस के अनुसार, गिरोह का सरगना दीपक गुप्ता शातिर अपराधी है और उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड के विभिन्न थानों में चोरी, हत्या के प्रयास, साजिश और गैंगस्टर एक्ट समेत करीब 18 मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस टीम में कोतवाली किच्छा के प्रभारी निरीक्षक रवि सैनी, एसओजी प्रभारी उमेश कुमार, एसआई जयप्रकाश, एसआई दीपक जोशी, एसआई पवन जोशी सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
जांच में सामने आया कि आरोपी दीपक गुप्ता पहले क्षेत्र में रेकी करता था और बंद पड़े घरों को निशाना बनाता था। लगातार निगरानी के बाद ही उसने इस चोरी की वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस अन्य आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।