तंत्र-मंत्र के लिए बच्चे का अपहरण,बच्चा बरामद,एक आरोपी गिरफ्तार दो की तलाश

हरिद्वार। जिले के झबरेड़ा थाना क्षेत्र से अपहरण किए गए 3 साल के बच्चे के पुलिस ने बरामद कर लिया है। बताया जा रहा है कि  बच्चे का अपहरण तंत्र-मंत्र और जादू टोने के लिए किया गया था। इस मामले में दो आरोपियों की संलिप्तता सामने आई है, फिलहाल पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस के अनुसार  गुरुवार के दिन झबरेड़ा थाना क्षेत्र के भगतोवाली गांव निवासी एक शख्स द्वारा पुलिस को शिकायती पत्र देते हुए बताया था कि उनका तीन साल का बच्चा शादी के दौरान अचानक गायब हो गया है। काफी तलाशने के बाद भी बच्चा नहीं मिल रहा है। पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए अपहरण का मुकदमा दर्ज करते हुए झबरेड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह द्वारा उच्चाधिकारियों को मामले की जानकारी दी. मामले का पता चलते ही एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह ने पुलिस टीम गठित करते हुए बच्चे की जल्द सकुशल तलाश करने के निर्देश जारी किए और टीम गठित कर पर्यवेक्षण की जिम्मेदारी एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल को सौंप सर्विलांस लेंस हेल्प के लिए सीआईयू प्रभारी रुड़की को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। पुलिस टीम ने अपहृत बच्चे की बरामदगी के लिए अलग-अलग माध्यम से प्रयास कर कॉल डिटेल और लोकेशन जुटाने के साथ-साथ मुखबिर तंत्र की सहायता से 15 मई शुक्रवार के दिन एक संदिग्ध जिसका नाम (गरजा उर्फ गजे) पुत्र मक्कू सिंह निवासी ग्राम सकरपुर जिला मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया गया। पुलिस टीम ने जब उससे सख्ती से पूछताछ की तो उसने अपहरण की बात स्वीकारते हुए अपने दो अन्य साथी का नाम भी बताया। जिसके बाद बच्चे की बरामदगी के लिए प्रकाश में आके अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम सकरपुर गांव से पुरकाजी रोड एलबीएस भट्टे के पास पहुंची, जहां पर एक व्यक्ति बच्चे को लेकर खड़ा हुआ दिखाई दिया।
वहीं पुलिस टीम को देखकर उक्त व्यक्ति बच्चे को छोड़कर मौके से फरार हो गया, वहीं पास जाने पर ये बात पुख्ता हुई कि यह वही बच्चा था, जिसका अपहरण किया गया था। जिसके बाद पुलिस टीम बच्चे को सकुशल बरामद कर वापस लाया गया। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि बच्चे को पुलिस टीम द्वारा 20 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सकुशल बरामद कर लिया गया है। आरोपी तांत्रिक किस्म के हैं। इसलिए पुलिस को डर था कि आरोपी बच्चे के साथ कुछ भी कर सकते थे, इसलिए पुलिस को बच्चे की सकुशल बरामदगी एक बहुत बड़ा चैलेंज था। उन्होंने बताया कि दो आरोपी अभी फरार हैं, जिन्हे पुलिस टीम तलाश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *