एक अक्तूबर से शुरू होगी धान खरीद, किसान अभी कराएं पंजीकरण

हरिद्वार। खरीफ खरीद सत्र 2026-27 के तहत एक अक्तूबर से धान की सरकारी खरीद शुरू होगी। इसके लिए किसानों का पंजीकरण सात जुलाई से स्मार्ट पीडीएस (Smart PDS) एप और किसान पोर्टल पर किया जा रहा है। उप संभागीय विपणन अधिकारी प्रमोद सती ने किसानों से समय रहते पंजीकरण कराने की अपील की है।

उन्होंने बताया कि किसान स्वयं किसान पोर्टल, संबंधित धान क्रय केंद्र अथवा कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) के माध्यम से पंजीकरण करा सकते हैं। पंजीकरण के बाद किसान अपने निकटतम क्रय केंद्र पर धान बेच सकेंगे।

खरीफ खरीद सत्र 2026-27 के लिए भारत सरकार ने कॉमन धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 2,441 रुपये प्रति क्विंटल और ग्रेड-ए धान का एमएसपी 2,461 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है।

उप संभागीय विपणन अधिकारी ने किसानों से पंजीकरण के समय आधार कार्ड, बैंक खाते का विवरण और भू-अभिलेख साथ रखने तथा फेस रिकग्निशन आधारित ई-केवाईसी कराने की अपील की है। उन्होंने किसानों से गुणवत्ता मानकों के अनुरूप साफ और सूखा धान ही क्रय केंद्रों पर लाने को कहा, ताकि उन्हें एमएसपी का पूरा लाभ मिल सके।

उन्होंने बताया कि पंजीकरण या धान खरीद संबंधी किसी भी जानकारी के लिए किसान अपने निकटतम क्रय केंद्र प्रभारी, उप संभागीय विपणन अधिकारी कार्यालय अथवा संभागीय खाद्य नियंत्रक कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। राज्य उपभोक्ता हेल्पलाइन के टोल फ्री नंबर 1800-180-1488 पर भी सहायता प्राप्त की जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *