हरिद्वार। कांवड़ मेला-2026 में श्रद्धालुओं को त्वरित स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से पहली बार शुरू की गई पांच मेडिकल मोबाइल यूनिट (एमएमयू) प्रभावी साबित हो रही हैं। इन यूनिटों के माध्यम से अब तक करीब सात हजार कांवड़ यात्रियों को मौके पर ही प्राथमिक उपचार और चिकित्सीय सहायता प्रदान की जा चुकी है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह ने बताया कि मेडिकल मोबाइल यूनिट मंगलौर, बहादराबाद टोल प्लाजा, शंकराचार्य चौक (होटल प्रमिला), अलकनंदा होटल और हाईवे स्थित 4XO पॉइंट पर तैनात हैं। सभी यूनिट प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक सेवाएं दे रही हैं, जिससे यात्रा के दौरान अस्वस्थ होने वाले श्रद्धालुओं को तत्काल उपचार मिल रहा है।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक यूनिट में चिकित्सक, फार्मासिस्ट, लैब तकनीशियन और नर्सिंग स्टाफ सहित करीब पांच सदस्यीय टीम तैनात है। यूनिटों में प्राथमिक उपचार, आवश्यक दवाएं, ऑक्सीजन, स्ट्रेचर और बुनियादी जांच की सुविधा उपलब्ध है। गंभीर मरीजों को तत्काल उच्च चिकित्सा केंद्रों में रेफर करने की व्यवस्था भी की गई है।
सीएमओ ने बताया कि मेडिकल मोबाइल यूनिटों के संचालन की लगातार निगरानी कांवड़ मेले के स्वास्थ्य नोडल अधिकारी डॉ. राजेश गुप्ता कर रहे हैं, ताकि किसी भी श्रद्धालु को इलाज में परेशानी न हो।
उन्होंने कांवड़ यात्रियों से यात्रा के दौरान पर्याप्त पानी पीने, अधिक थकान होने पर विश्राम करने तथा स्वास्थ्य संबंधी किसी भी समस्या होने पर निकटतम मेडिकल मोबाइल यूनिट या स्वास्थ्य शिविर से तुरंत संपर्क करने की अपील की। उन्होंने कहा कि समय पर उपचार ही सुरक्षित और सफल कांवड़ यात्रा की सबसे बड़ी कुंजी है।