हरिद्वार। कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान हो रही भारी बारिश के बीच जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने गुरुवार को नारसन बॉर्डर पहुंचकर यात्रा व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, चेक पोस्ट, ट्रैफिक डायवर्जन और सेवा शिविरों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार 10 फीट चौड़ी और 12 फीट ऊंची सीमा से अधिक आकार की कांवड़ तथा नियमों के विपरीत संचालित डीजे को जनपद में प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। ऐसे सभी डीजे और कांवड़ को नारसन बॉर्डर से वापस लौटाया जा रहा है। अधिकारियों को प्रत्येक वाहन और डीजे की सघन जांच सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
डीएम और एसएसपी ने कांवड़ यात्रियों से प्रशासन की गाइडलाइन का पालन करने, निर्धारित मार्गों का उपयोग करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन और कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
भारी वर्षा को देखते हुए दोनों अधिकारियों ने जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का भी निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को त्वरित जल निकासी के निर्देश दिए, ताकि आमजन और कांवड़ यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। इस दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचंद्र सेठ, तहसीलदार विकास अवस्थी, अपर तहसीलदार शुभांगिनी सहित पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।