देहरादून। राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल वीरेन्द्र वत्स ने नई दिल्ली स्थित उत्तराखंड निवास में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उत्तराखंड में एनसीसी के विस्तार, सीमांत व दुर्गम क्षेत्रों तक इसकी पहुंच बढ़ाने तथा आधुनिक आधारभूत संरचना के विकास पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में महानिदेशक ने सीमावर्ती और दूरस्थ क्षेत्रों में नई एनसीसी इकाइयों की स्थापना, आधुनिक प्रशिक्षण अवसंरचना के विकास, प्रशिक्षण सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण और प्रस्तावित एनसीसी अकादमी की स्थापना की योजनाओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। उन्होंने अधिक से अधिक युवाओं को एनसीसी से जोड़ने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सेवा-भाव विकसित करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि एनसीसी युवाओं में राष्ट्रीय चरित्र, आत्मविश्वास और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने वाला महत्वपूर्ण संगठन है, जिसकी राष्ट्र निर्माण में अहम भूमिका है।
मुख्यमंत्री ने एनसीसी के विस्तार और प्रस्तावित आधारभूत संरचना विकास से जुड़ी सभी योजनाओं के लिए राज्य सरकार की ओर से पूर्ण सहयोग का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों से प्रदेश के युवाओं को व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व प्रशिक्षण और राष्ट्रसेवा के अधिक अवसर मिलेंगे।