हरिद्वार। राज्य मंत्री सुनील सैनी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल नेतृत्व में कांवड़ मेला सुख-शांति और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो रहा है। पवित्र श्रावण मास से शुरू हुए कांवड़ मेले में करोड़ों शिवभक्त हरिद्वार पहुंचकर मां गंगा का पवित्र जल लेकर अपने गंतव्य की ओर रवाना हो चुके हैं। शिवभक्तों की भारी संख्या के बावजूद प्रशासन की बेहतर तैयारियों के चलते यात्रा सुगम और सुरक्षित बनी हुई है।
उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के नेतृत्व में जिला प्रशासन और पुलिस द्वारा कांवड़ मेले में बेहतर प्रबंधन किया जा रहा है। देश के विभिन्न राज्यों से शिवभक्त हरिद्वार पहुंच रहे हैं और धर्मनगरी में आस्था का सैलाब उमड़ा हुआ है।
सुनील सैनी ने कहा कि शिवभक्तों की सेवा करने से नई ऊर्जा मिलती है। गंगा किनारे से शिव के द्वार तक हर कदम पर भक्ति और हर सांस में महादेव का भाव दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि कांवड़ केवल जल लाने की यात्रा नहीं, बल्कि आस्था और पीढ़ियों के संस्कारों से जुड़ी यात्रा है। लाखों कंठों से गूंज रहा ‘बोल बम’ सनातन आस्था की शक्ति को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए स्वास्थ्य शिविर, स्वच्छ पेयजल, यातायात और सुरक्षा की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। उन्होंने समस्त प्रदेशवासियों पर महादेव की कृपा बनी रहने की कामना की।