धार्मिक संपत्तियों को खुर्द-बुर्द होने से रोके जिला प्रशासन : सुनील सेठी

हरिद्वार। महानगर व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय पंजाबी महासभा के प्रदेश अध्यक्ष सुनील सेठी ने हरिद्वार में धार्मिक संपत्तियों की खरीद-फरोख्त, कब्जे और कॉलोनियां काटे जाने पर चिंता जताई है। उन्होंने प्रधानमंत्री कार्यालय और मुख्य सचिव उत्तराखंड को पत्र भेजकर जिला प्रशासन से धार्मिक संपत्तियों को खुर्द-बुर्द होने से बचाने की मांग की है। पत्र की प्रतिलिपि जिलाधिकारी हरिद्वार को भी भेजी गई है।

सुनील सेठी ने कहा कि उत्तरी हरिद्वार से लेकर कनखल तक कई धार्मिक संपत्तियों के अस्तित्व पर खतरा मंडरा रहा है। धर्मशालाओं, आश्रमों और धार्मिक स्थलों की पहचान को समाप्त कर भू-माफिया और स्वार्थी तत्व हरिद्वार की धार्मिक गरिमा को नुकसान पहुंचा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई मामलों में फर्जी ट्रस्ट बनाकर बड़े आश्रमों और धार्मिक संपत्तियों को निशाना बनाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि जिन धार्मिक संपत्तियों का कोई वैध वारिस नहीं है, उनकी जांच कर उन्हें सरकारी संपत्ति घोषित किया जाना चाहिए। साथ ही फर्जी ट्रस्ट बनाने और धार्मिक संपत्तियों पर कब्जे के प्रयास करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।

सेठी ने कहा कि धार्मिक संपत्तियों की लगातार हो रही खरीद-फरोख्त से जनता में रोष है। उन्होंने जल्द ही प्रतिनिधिमंडल के साथ मुख्यमंत्री से मुलाकात कर इस संबंध में पत्र सौंपने की बात कही।

इस अवसर पर सोनू चौधरी, पंकज माटा, रविंद्र अरोड़ा, अनिल शर्मा, राकेश सिंह, पावन पांडे, अनिरुद्ध शर्मा, ललित अरोड़ा, विष्णु शर्मा, अमित सिंह, एसएन तिवारी और नंदकिशोर मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *