हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 को लेकर हरिद्वार में सड़क, पुल और संपर्क मार्गों से जुड़े निर्माण कार्यों में तेजी लाई जा रही है। सोमवार को मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने मंडावर-छुटमलपुर से लेकर शिवालिक नगर और ज्वालापुर क्षेत्र तक विभिन्न निर्माणाधीन परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
मेलाधिकारी ने कहा कि कुंभ के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या कई गुना बढ़ जाती है। ऐसे में प्रमुख मार्गों और पुलों को बेहतर बनाना यातायात व्यवस्था को सुचारु और सुरक्षित रखने के लिए जरूरी है। उन्होंने निर्माण कार्यों की गति के साथ गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा।
उन्होंने सबसे पहले उत्तर प्रदेश सीमा पर मंडावर में निर्माणाधीन स्वागत द्वार का निरीक्षण किया। करीब 204.19 लाख रुपये की लागत से तैयार किए जा रहे इस द्वार का निर्माण तेजी से पूरा करने और आसपास के क्षेत्र में आकर्षक सौंदर्यीकरण कराने के निर्देश दिए।
इसके बाद धनौरी-सिडकुल लिंक मार्ग पर पथरी रोह नदी और पुरानी गंग नहर साइफन के डाउनस्ट्रीम में निर्माणाधीन पुल का निरीक्षण किया। उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही या देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।
मेलाधिकारी ने भाईचारा ढाबा से बीएचईएल बैरियर नंबर-6, शिवालिक नगर चौक और बीएचईएल मध्य मार्ग तक सड़क चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य का भी जायजा लिया। साथ ही ज्वालापुर-ईदगाह-सुभाषनगर-पीएसी से शिवालिक नगर तक सड़क नवीनीकरण और आबादी वाले क्षेत्रों में इंटरलॉकिंग टाइल्स के कार्यों की प्रगति देखी।
उन्होंने किलोमीटर-3 पर पथरी रोह नदी में 60 मीटर स्पान के प्री-स्ट्रेस्ड आरसीसी सेतु के निर्माण की भी जानकारी ली और सभी कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
मेलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग को सड़कों से अतिक्रमण हटाने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने सड़कों और पुलों के किनारे तथा डिवाइडरों पर योजनाबद्ध पौधरोपण कर हरित क्षेत्र विकसित करने के निर्देश दिए। शिवालिक नगर चौक के सुधार और सौंदर्यीकरण पर भी विशेष जोर देते हुए यातायात और पैदल आवागमन को ध्यान में रखकर सुधार कार्य शीघ्र कराने को कहा।
इसके बाद उन्होंने भगत सिंह चौक क्षेत्र में सौंदर्यीकरण और फुटपाथ निर्माण का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि कुंभ की तैयारियों में सड़क-पुल निर्माण के साथ पैदल यात्रियों की सुविधा और शहर के सौंदर्यीकरण को भी प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
श्रीमती सोनिका ने कहा कि कुंभ के लिए विकसित की जा रही आधारभूत सुविधाओं का लाभ मेला समाप्त होने के बाद भी हरिद्वार को मिलेगा। इसलिए सभी परियोजनाओं को दूरगामी जरूरतों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण, सुरक्षित और टिकाऊ बनाया जाए।
निरीक्षण के दौरान पीआईयू के अधिशासी अभियंता प्रवीण कुश, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता योगेश कुमार, सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता अनुभव नौटियाल, एचआरडीए के उद्यान अधिकारी ए.आर. जोशी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।