सिंहद्वार से अग्रसेन घाट तक चला वृहद सफाई अभियान, प्लास्टिक-पॉलिथीन समेत बड़ी मात्रा में कचरा एकत्र

हरिद्वार। कांवड़ मेला संपन्न होने के बाद धर्मनगरी में ‘स्वच्छ हरिद्वार, सुंदर हरिद्वार’ अभियान को लगातार गति दी जा रही है। सोमवार को शिक्षा मंदिर तरुण हिमालय इंटर कॉलेज के एनसीसी कैडेट्स ने सिंहद्वार से प्रेम नगर आश्रम चौक, सतनाम साक्षी घाट और अग्रसेन घाट तक कांवड़ पटरी के आसपास वृहद स्वच्छता अभियान चलाया।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश और जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत के नेतृत्व में आयोजित अभियान में विद्यालय की बॉयज और गर्ल्स प्लाटून के एनसीसी कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कांवड़ मेले के दौरान श्रद्धालुओं की भारी आवाजाही के कारण मार्ग और आसपास जमा हुए कचरे को कैडेट्स ने एकत्र कर सफाई की।

अभियान के दौरान प्लास्टिक की पन्नियां, पॉलिथीन, रैपर, कपड़े, जूते-चप्पल और अन्य कचरा एकत्र किया गया। एकत्रित कचरे को सुरक्षित निस्तारण के लिए संबंधित व्यवस्था को सौंपा गया।

एनसीसी कैडेट्स ने अनुशासन और सेवा भावना के साथ सफाई करने के साथ आमजन को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक भी किया। उनके प्रयास से स्थानीय लोगों और राहगीरों को स्वच्छता के प्रति सकारात्मक संदेश मिला।

विद्यालय के प्रधानाचार्य त्रिलोक चंद्र भट्ट ने कैडेट्स का उत्साहवर्धन किया। एनसीसी प्रशिक्षक आशीष राजपूत और मनोज कुमार के नेतृत्व में कैडेट्स ने अभियान को सफल बनाया।

जिला प्रशासन ने स्वच्छता अभियान में सहयोग के लिए विद्यालय प्रबंधन, एनसीसी प्रशिक्षकों और कैडेट्स की सराहना की। प्रशासन ने कहा कि ‘स्वच्छ हरिद्वार, सुंदर हरिद्वार’ के संकल्प को साकार करने के लिए जनभागीदारी के साथ स्वच्छता अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *