काशीपुर। लंबे समय से विकास की अपेक्षा झेल रहा ग्राम बांसखेड़ा अब नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान श्रीमती फराह सिंह के प्रयासों से विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है। अपने करीब एक वर्ष के कार्यकाल में ग्राम प्रधान ने गांव में लगभग एक दर्जन सीसी सड़कों का निर्माण कराया है। इसके अलावा कई नालों और खड़ंजों का भी निर्माण कराया गया है।

ग्राम प्रधान फराह सिंह ने बताया कि ग्रामीणों की मांग के अनुसार बांसखेड़ा और बांसखेड़ी में करीब 10 सीसी सड़कों का निर्माण कराया गया है। बांसखेड़ा गांव की मुख्य सड़क, रेलवे फाटक से पूर्व प्रधान रियासत हुसैन के घर तक, विधायक निधि से स्वीकृत कराई गई है। बरसात के बाद इसका निर्माण शुरू होने की उम्मीद है। वहीं बांसखेड़ी में करीब 400 मीटर लंबे नाले का निर्माण कराया गया है।
उन्होंने बताया कि अब तक गांव की विधवा और वृद्ध महिलाओं व पुरुषों की करीब 50 पेंशन स्वीकृत कराई गई हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 13 ग्रामीणों के आवास भी स्वीकृत कराए गए हैं। गांव में सफाई व्यवस्था बेहतर रखने के लिए कूड़ा निस्तारण हेतु छोटा ट्रैक्टर खरीदा गया है और एक अतिरिक्त सफाई कर्मचारी की नियुक्ति भी की गई है।
ग्राम प्रधान ने बताया कि बांसखेड़ा में पंचायत घर और बारात घर के निर्माण के साथ ही श्मशान घाट व कब्रिस्तान के सौंदर्यीकरण का प्रस्ताव क्षेत्र पंचायत की बैठक में रखा गया है। उन्हें उम्मीद है कि इन प्रस्तावों को जल्द मंजूरी मिल जाएगी।
उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान ग्रामीणों से किए गए सभी वादों को पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वह ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए हमेशा उपलब्ध रहेंगी। विकास कार्यों में उनके पति नन्हे बोरा भी उनका पूरा सहयोग करते हैं।