मानसून को लेकर अधिकारी अलर्ट, एक सप्ताह में खुलेंगी बंद नालियां

हरिद्वार। राज्य आपदा प्रबंधन समिति के उपाध्यक्ष एवं राज्य मंत्री विनय कुमार रोहिला की अध्यक्षता में रुड़की में मानसून को लेकर आपदा प्रबंधन तैयारियों की समीक्षा बैठक हुई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भारी बारिश के दौरान जलभराव वाले क्षेत्रों में तत्काल जलनिकासी की व्यवस्था की जाए और सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें।

लोक निर्माण विभाग को एक सप्ताह के भीतर सभी बंद नाला-नालियों को खोलने के निर्देश दिए गए। डेंगू की रोकथाम के लिए साफ-सफाई, फॉगिंग और जनजागरूकता अभियान चलाने तथा कहीं भी पानी जमा न होने देने को कहा गया।

बैठक में अनुपस्थित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। राज्य मंत्री ने क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनकर उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश भी दिए। साथ ही स्कूल परिसरों की सफाई, मिड-डे मील की गुणवत्ता और सीवरेज व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा।

इस दौरान ‘एक पौधा मां के नाम’ अभियान के तहत नगर निगम परिसर में पौधारोपण भी किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *