काशीपुर। महानगर कांग्रेस कमेटी की जिला अध्यक्ष अलका पाल ने चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड की सीबीआई जांच में हुई प्रगति को सार्वजनिक करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि अंकिता के माता-पिता ने सीबीआई के सामने जिन दो चर्चित वीआईपी लोगों के नाम लिए थे, जांच में अब तक उन दोनों नामों का कोई उल्लेख सामने नहीं आया है।
अलका पाल ने कहा कि दूसरी ओर उक्त दोनों वीआईपी को भाजपा की ओर से अन्य राज्यों में सम्मानित किए जाने का प्रयास किया गया है, जो बेहद खेदजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के इशारे पर अंकिता भंडारी हत्याकांड की सीबीआई जांच में शिथिलता बरती जा रही है।
उन्होंने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा के दौरान अंकिता भंडारी हत्याकांड की निंदा करते हुए उसके माता-पिता से मुलाकात की थी और उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया था। इसके बावजूद मामले की जांच में अपेक्षित तेजी नहीं आना अफसोसजनक है।
अलका पाल ने सीबीआई जांच की प्रगति सार्वजनिक करने, जांच में तेजी लाने तथा हत्याकांड से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई और कठोर दंड सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि इससे उत्तराखंड की बेटी अंकिता भंडारी को न्याय मिल सकेगा।