काशीपुर। अघोषित विद्युत कटौती को लेकर महानगर कांग्रेस की जिला अध्यक्ष अलका पाल ने रोष जताया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को ऊर्जा प्रदेश के रूप में जाना जाता है, लेकिन काशीपुर में 12-12 घंटे की अघोषित बिजली कटौती होना बेहद शर्मनाक है।
अलका पाल ने कहा कि काशीपुर के कई क्षेत्रों में घंटों बिजली गुल रहती है, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में स्थिति और भी खराब है। पावर कॉरपोरेशन के अधिकारियों से संपर्क करने पर भी जनता को संतोषजनक जवाब नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि झूलते बिजली के तार, लचर विद्युत आपूर्ति व्यवस्था और बढ़े हुए बिजली बिल आम जनता की परेशानी बढ़ा रहे हैं।
उन्होंने उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन को चेतावनी देते हुए कहा कि काशीपुर क्षेत्र में अघोषित विद्युत कटौती को जल्द बंद किया जाए। यदि व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो कांग्रेस पावर कॉरपोरेशन के खिलाफ आंदोलन और विरोध प्रदर्शन करेगी।