हाइवे की सर्विस लेन पर एक फीट तक गहरे गड्ढे, सड़कों की बदहाली से जनता परेशान

हरिद्वार। राष्ट्रीय पंजाबी महासभा के प्रदेश अध्यक्ष एवं महानगर व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष सुनील सेठी ने हरिद्वार की खस्ताहाल सड़कों को लेकर मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर एनएचएआई और लोक निर्माण विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि उत्तरी हरिद्वार में शांतिकुंज से लेकर बहादराबाद तक हाइवे की सर्विस लेन पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे राहगीरों के लिए हादसे का खतरा बने हुए हैं।

सेठी ने बताया कि शांतिकुंज के पास सर्विस लेन पर करीब एक फीट तक गहरे गड्ढे हो गए हैं। कई स्थानों पर सड़क की हालत इतनी खराब है कि यह गांव की सड़क से भी बदतर नजर आ रही है। उन्होंने दावा किया कि शनिवार रात शांतिकुंज के पास गड्ढों के कारण कई वाहनों के टायर फट गए। उन्होंने सवाल उठाया कि जब हाइवे और उसकी सर्विस लेन सुरक्षित तरीके से चलने लायक नहीं हैं तो बहादराबाद टोल पर वाहन चालकों से टोल किस बात का वसूला जा रहा है।

उन्होंने कहा कि शहर की कॉलोनियों की अंदरूनी सड़कों की स्थिति भी खराब है। जहां सीवर, पानी और केबल के कार्य हो चुके हैं, वहां सड़कों की मरम्मत ठीक से नहीं होने के कारण लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। सप्तऋषि रोड समेत कई क्षेत्रों में स्कूली बच्चों और राहगीरों को भी आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

सुनील सेठी ने मुख्यमंत्री से मांग की कि एनएचएआई और लोक निर्माण विभाग को सड़कों की तत्काल जांच कर युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य कराने के निर्देश दिए जाएं, ताकि गड्ढों के कारण होने वाले हादसों को रोका जा सके।

मांग करने वालों में हरिमोहन भारद्वाज, सतनाम सिंह, कृष्ण सैनी, अनिल कुमार, राजेश पांडे, अमित अरोड़ा, राकेश सिंह, पवन पांडे, लक्की अनेजा, रवि बांगा और अतुल शर्मा शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *