नदियों में कूड़ा डालने वालों पर होगी एफआईआर

देहरादून। नदियों और नदी किनारे कूड़ा डालने वालों के खिलाफ अब एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने शनिवार को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को लेकर अधिकारियों की बैठक में यह निर्देश दिए। उन्होंने सभी उप जिलाधिकारियों और नगर निकायों के अधिकारियों को शहरों में अनधिकृत डंपिंग साइट तत्काल चिन्हित करने और संबंधित एजेंसी की जिम्मेदारी तय करने को कहा। लापरवाही मिलने पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

डीएम ने कहा कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को लेकर उच्चतम न्यायालय के निर्देशों का कड़ाई से पालन कराया जाए। नदी में कूड़ा फेंकने वालों पर निगरानी रखी जाए और पकड़े जाने पर उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जाए। संवेदनशील स्थानों पर जाली लगाकर निगरानी व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा सेप्टिक टैंकरों की नियमित निगरानी और मल का एसटीपी के माध्यम से उपचार कराने के बाद ही निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने शहरी क्षेत्रों में बल्क वेस्ट जनरेटर चिन्हित कर गीले और सूखे कचरे का अलग-अलग निस्तारण कराने के निर्देश दिए। निकाय अधिकारियों को डंपिंग साइटों का नियमित निरीक्षण करने और कूड़ा प्रबंधन से जुड़े फोटोग्राफिक साक्ष्य हर माह निर्धारित पोर्टल पर अपलोड करने को भी कहा गया। बैठक में एडीएम केके मिश्रा, एसडीएम अपर्णा ढौंडियाल समेत नगर निकायों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *