हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के क्रम में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) निखिल शर्मा एवं सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा ने एआरटीओ कार्यालय परिसर, रोशनाबाद का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान कार्यालय के विभिन्न अनुभागों, अभिलेखों, लंबित प्रकरणों, ई-ऑफिस व्यवस्था, साफ-सफाई और आमजन को उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों को अभिलेख अद्यतन रखने तथा जनसामान्य से जुड़े मामलों का पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कार्यालय परिसर और आसपास अनधिकृत रूप से संचालित ढाबे तथा कुर्सी-मेज लगाकर बैठे लोगों को हटाया गया। परिसर के बाहर अनावश्यक रूप से एकत्र लोगों को भी हटाते हुए व्यवस्था दुरुस्त कराई गई। संबंधित लोगों को चेतावनी दी गई कि बिना वैध कार्य के कार्यालय परिसर या आसपास अनावश्यक रूप से न बैठें और किसी भी अनधिकृत गतिविधि में शामिल न हों। दोबारा ऐसी स्थिति पाए जाने पर नियमानुसार एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने परिसर में अनुशासन और स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही आमजन से अपील की गई कि परिवहन विभाग से संबंधित कार्य निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार स्वयं कराएं और अनधिकृत व्यक्तियों अथवा बिचौलियों के संपर्क में न आएं।