सीएम धामी ने विकास योजनाओं के लिए 86 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति दी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में विकास योजनाओं और निर्माण कार्यों के लिए करीब 86 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इसमें सड़क, मंदिर सौंदर्यीकरण, घंटाघर निर्माण और पंतनगर विश्वविद्यालय के वेतन-भत्तों के लिए धनराशि शामिल है।

पिथौरागढ़ विधानसभा क्षेत्र में न्याय पंचायत बीसाबजेड से ग्राम विपुल तक संपर्क सीसी रेलिंग मार्ग निर्माण के लिए 49.64 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं रानीखेत विधानसभा क्षेत्र के ताड़ीखेत विकासखंड में विभिन्न मंदिरों के सौंदर्यीकरण के लिए 3.34 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है।

डोईवाला विधानसभा क्षेत्र के अठूरवाला टिहरी विस्थापित क्षेत्र में घंटाघर निर्माण के लिए 97 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय पंतनगर के वेतन-भत्तों आदि के लिए स्वीकृत 150 करोड़ रुपये के सापेक्ष दूसरी किश्त के रूप में 80 करोड़ रुपये जारी करने का अनुमोदन किया गया है।

चमोली जिले के थराली विधानसभा क्षेत्र में भी विभिन्न धार्मिक स्थलों के विकास के लिए धनराशि स्वीकृत की गई है। नंदानगर विकासखंड की ग्राम पंचायत सुतोल स्थित ध्योसिंह धाम मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 19.56 लाख, रामणी में गोरिया राजा मंदिर के लिए 9.93 लाख, चोपता चौरी स्थित मां गिरिजा भवानी मंदिर के पास धर्मशाला के अवशेष कार्य के लिए 33.72 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। नारायणबगड़ विकासखंड के मींगेश्वर मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 20.24 लाख और ग्राम पंचायत कौब के महादेव मंदिर के लिए 39.62 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *