सीवर कार्यदायी संस्था की लापरवाही पर हो सख्त कार्रवाई, दुर्घटना के शिकार लोगों को मिले न्याय: सुनील सेठी

हरिद्वार। महानगर व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सुनील सेठी ने सीवर कार्यदायी संस्था की कथित लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि आम लोगों की जान जोखिम में डालकर सरकार की छवि खराब करने वाली संस्था के जिम्मेदार अधिकारियों और कार्यों की निगरानी कर रहे कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाना चाहिए। साथ ही दुर्घटनाओं का शिकार हुए लोगों को उचित मुआवजा, भविष्य में होने वाले इलाज का खर्च और उनके कामकाज व व्यापार को हुए नुकसान की भरपाई दिलाई जानी चाहिए।

तीन दिन पूर्व उत्तरी हरिद्वार के युवक तुषार कपिल के साथ हुई भीषण दुर्घटना के मामले में सुनील सेठी ने साथियों के साथ सप्तऋषि पुलिस चौकी प्रभारी खेमेन्द्र गंगवार को प्रार्थना पत्र सौंपा। उन्होंने पुलिस प्रशासन से दुर्घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सीवर कार्यों में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।

इस दौरान सुनील सेठी के नेतृत्व में विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी सीवर कार्यदायी संस्था के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई। धर्मशाला समिति के अध्यक्ष महंत भीम सैन, कुमाऊं संस्कृति सेवा समिति के अध्यक्ष संदीप भट्ट, श्री गायत्री व्यापार मंडल के अध्यक्ष भागीरथ प्रजापति और समाजसेवी रितेश वशिष्ठ सहित अन्य लोगों ने कहा कि अब पानी सिर से ऊपर गुजर चुका है। संस्था के जिम्मेदार अधिकारियों की कथित लापरवाही के कारण लोगों को सड़कों पर चलना भी जोखिम भरा हो गया है। स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों सहित अनेक लोग रोजाना चोटिल हो रहे हैं, लेकिन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सीवर कार्यों में लापरवाही से आम जनता की जान खतरे में पड़ रही है। ऐसे में जिला प्रशासन को मामले का गंभीरता से संज्ञान लेकर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करनी चाहिए। दुर्घटना का शिकार हुए तुषार कपिल सहित सभी प्रभावित लोगों को न्याय दिलाना प्रशासन की जिम्मेदारी है। इस संबंध में जल्द ही मुख्यमंत्री और उत्तराखंड के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से भी मुलाकात की जाएगी।

इस अवसर पर महंत संजय, समाजसेवी रितेश वशिष्ठ, महामंत्री लालजी यादव, ऑटो यूनियन अध्यक्ष हरीश अरोड़ा, सावन कुमार, प्रभात कौशिक, विकास मलिक, राकेश सिंह, राकेश कुमार, जनार्दन पांडे, नंदकिशोर पंडित, नितिन शर्मा, रवि नेगी, संदीप भट्ट और जुगल किशोर सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *