हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा के मार्गदर्शन में एआरटीओ (प्रवर्तन) नेहा झा के नेतृत्व में परिवहन विभाग की टीमों ने बीएचईएल, सिडकुल, बहादराबाद और रोड़ी बेलवाला सहित विभिन्न क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान यातायात नियमों के उल्लंघन पर कुल 187 चालान किए गए और 7 वाहन सीज किए गए। इनमें तेज गति से वाहन चलाने पर 68 तथा हेलमेट संबंधी नियमों के उल्लंघन पर 70 चालान शामिल हैं। इसके अलावा बिना वैध परमिट, ओवरलोडिंग, प्रदूषण, फिटनेस, बीमा और ड्राइविंग लाइसेंस संबंधी अनियमितताओं पर भी कार्रवाई की गई। परिवहन विभाग ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और आवश्यक दस्तावेज वैध रखने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।