हरिद्वार। भारतीय किसान यूनियन (देहात) के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज नागर ने कहा कि किसानों और मजदूरों के अधिकारों की लड़ाई अब केवल खेती तक सीमित नहीं रहेगी। औद्योगिक क्षेत्रों में शोषण से लेकर स्वास्थ्य और शिक्षा की बदहाल व्यवस्था तक भारतीय किसान यूनियन (देहात) हर मुद्दे पर संघर्ष करेगी। शिवालिक नगर में आयोजित संगठन के प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज नागर ने कहा कि किसान, मजदूर और वंचित वर्ग जब तक अपनी ताकत एकजुट नहीं करेगा, तब तक उसकी आवाज को गंभीरता से नहीं सुना जाएगा। उन्होंने कहा कि संगठन ऐसी ताकत खड़ी करेगा, जो अन्याय और अत्याचार के खिलाफ सड़क से लेकर सरकार तक आवाज बुलंद करेगी। कहा कि यूनियन का उद्देश्य केवल किसानों की समस्याएं उठाना नहीं, बल्कि औद्योगिक क्षेत्र में काम करने वाले मजदूरों, शोषितों और पीड़ितों को भी न्याय दिलाना है। राष्ट्रीय प्रवक्ता सुशील नागर के संघर्ष की सराहना करते हुए कहा कि वे 24 घंटे किसान और मजदूरों के हितों के लिए काम कर रहे हैं। संगठन गांव-गांव और गली-गली जाकर ऐसे लोगों को जोड़ रहा है, जो समाज में शोषण के खिलाफ संघर्ष कर सकें। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रदीप मुखिया ने कहा कि उत्तराखंड में स्थानीय युवाओं को रोजगार दिलाने का संकल्प दोहराते हुए कहा कि संगठन गौतमबुद्ध नगर और गाजियाबाद में संघर्ष के माध्यम से करीब 20 हजार युवाओं को रोजगार दिलाने में भूमिका निभा चुका है। उत्तराखंड में भी इसी दिशा में काम किया जाएगा। उन्होंने मीडिया से भी जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने की अपील की। प्रदेश अध्यक्ष रजनीश सिंह ने कहा कि किसान परिवारों के बच्चों के लिए अच्छी शिक्षा और आम आदमी के लिए बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं लगातार महंगी होती जा रही हैं। सरकारी स्कूलों के बंद होने और निजी स्कूलों तथा अस्पतालों के बढ़ते प्रभाव से गरीब परिवारों पर बोझ बढ़ रहा है।