काशीपुर । काशीपुर पिछले कुछ दिनों से काशीपुर नगर व आसपास के क्षेत्रों में एक तेंदुए की दस्तक ने लोगों को चिंता में डाल रखा है ,परंतु वन विभाग और प्रशासन ने अभी तक तेंदुए की आवाजाही को गंभीरता से नहीं लिया है ,अन्य क्षेत्रों के बाद अब यह तेंदुआ कोर्ट रोड पर दिखाई दिया है।
विगत दिवस यहां कचहरी के पास कॉलोनी में कुछ लोगों ने झाड़ियों में छुपा तेंदुआ देखा, झाड़ियों से निकलकर इसे लंबी छलांग लगाते हुए भी देखा गया है घनी आबादी के बीच तेंदुए की मौजूदगी से लोगों में दहशत फैल गई है ।कॉलोनी वासियों ने 16 अगस्त को भी इस तेंदुए को देखा था । इससे कुछ दिन पूर्व द्रोणा सागर टीले उसके बाद मानपुर रोड और कौशांबी कॉलोनी में लोगों ने तो तेंदुए को विचरण करते हुए देखा था इन क्षेत्रों में इस तेंदुए ने कई कुत्तों को निवाला बनाया था। हालांकि उस समय उप जिलाधिकारी ने वन विभाग को तेंदुए की धरपकड़ के आदेश देते हुए कैमरे लगाकर इस खतरनाक जानवर की आवाजाही को ट्रेस करने के निर्देश दिए थे, परंतु उनके इस आदेश को ना तो वन विभाग ने गंभीरता से लिया और ना ही प्रशासन ने कोई ठोस कार्यवाही की। गौरतलब है कि जिन स्थानों पर तेंदुए की आवाजाही देखी जा रही है उसके आसपास घनी आबादी है और छुपने के लिए झाड़ियां भी हैं। द्रोणा सागर और इससे सटे टीले पर रोजाना सैकड़ों लोग मॉर्निंग और इवनिंग वॉक के लिए जाते हैं और बेफिक्र होकर टहलते हैं । स्कूली बच्चे भी इन मार्गो से आते जाते हैं तेंदुए की मौजूदगी किसी भी दिन किसी के लिए भी खतरनाक साबित हो सकती है इस बात से इंकार नहीं किया जा सकता।